महाराज सुहेलदेव को लुटेरा बताने पर बवाल, शौकत अली पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग

महराजगंज। 11वीं शताब्दी के हिन्दू राष्ट्र रक्षक महाराजा सुहेलदेव को लुटेरा कहे जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। बहराईच में 15 सितंबर को एआईएमआईएम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने प्रेसवार्ता के दौरान सुहेलदेव को लेकर विवादित बयान दिया। आरोप है कि उन्होंने न सिर्फ सुहेलदेव को लुटेरा बताया, बल्कि मुगल आक्रांता सैयद सलार मसूद गाजी का महिमामंडन भी किया।

इस बयान से राजभर समाज सहित हिन्दू समुदाय में गहरा आक्रोश है। जिले के मदन कुमार राजभर, संदीप रौनियर सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन भेजते हुए मांग की है कि शौकत अली पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में कहा गया है कि महाराज सुहेलदेव ने आक्रांता सैयद सलार मसूद गाजी का बहराईच की धरती पर वध कर हिन्दू संस्कृति की रक्षा की थी। उनका उल्लेख कई इतिहासकारों और सरकारी गजेटियर में मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराज सुहेलदेव की स्मृति में एक्सप्रेस ट्रेन, डाक टिकट, आजमगढ़ विश्वविद्यालय, बहराईच मेडिकल कॉलेज और भव्य प्रतिमा व संग्रहालय जैसी कई योजनाएं शुरू की हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ऐसे महान पुरुष का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार से मांग की गई है कि शौकत अली की देशविरोधी मानसिकता की जांच कर उन्हें कानून के कटघरे में खड़ा किया जाए।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com