ड्रग्स के खिलाफ महराजगंज पुलिस का बड़ा अभियान, 90 किलो से अधिक मादक पदार्थ किया नष्ट
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 27 Sep, 2025
- 277
महराजगंज। एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण एवं विनष्टीकरण के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की कमान पुलिस अधीक्षक महराजगंज के हाथों में है और इसकी निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा की जा रही है।
अभियान के तहत 16 सितम्बर से 30 सितम्बर तक न्यायालय की अनुमति प्राप्त कर विभिन्न थानों से जब्त माल का विनष्टीकरण कराया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जनपद के थाना बृजमनगंज, थाना चौक व थाना सोनौली में जब्त मादक पदार्थों को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में नष्ट किया गया।
पुलिस के मुताबिक इस दौरान कुल 86.300 किलो गांजा, 3.800 किलो चरस, 362 ग्राम हेरोइन तथा 472 ग्राम मार्फिन का विधिवत विनष्टीकरण किया गया। उक्त कार्रवाई मेसर्स एपी बायोमेडिकल वेस्ट सर्विसेज में इंसीनरेटर के माध्यम से वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराते हुए पूरी की गई।
अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों के मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना व इनके अवैध उपयोग की संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त करना है।

