वैभव लक्ष्मी राइस मिल पर छापा, 10,931 नकली ‘अन्नपूर्ति’ बोरी बरामद, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 06 Oct, 2025
- 301
महराजगंज, संवाददाता। कॉपीराइट उल्लंघन व अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बड़हरा मीर स्थित वैभव लक्ष्मी सारटेक्स राइस मिल प्राइवेट लिमिटेड पर पुलिस और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अन्नपूर्ति ब्रांड के 10,931 नकली पैकिंग बैग (बोरी) बरामद किए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में सिंदुरिया थाने की पुलिस टीम और मंडी निरीक्षक निचलौल की टीम शामिल रही।
बस्ती के मिलर की शिकायत पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, बस्ती जनपद के ग्राम झरकटिया स्थित मेसेर्स बालाजी चावल मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने शिकायत दी थी कि उनके “अन्नपूर्ति” ब्रांड की नकली पैकिंग तैयार कर अन्य मिलर बाजार में बेच रहे हैं। बताया गया कि “अन्नपूर्ति” ब्रांड को भारत सरकार से ट्रेडमार्क नंबर 5540254 के तहत मान्यता प्राप्त है और यह देशभर में अपनी गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध है।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ मिलर नकली बोरी बनवाकर निम्न गुणवत्ता का चावल उसमें पैक कर बिक्री कर रहे हैं, जिससे कंपनी की प्रतिष्ठा को नुकसान हो रहा है।
संयुक्त टीम ने की छापेमारी
शिकायत की पुष्टि होते ही उपनिरीक्षक रण विजय वर्मा के नेतृत्व में सिंदुरिया पुलिस टीम ने मंडी निरीक्षक विनोद कुमार शर्मा व अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर छापेमारी की।
छापे के दौरान वैभव लक्ष्मी सारटेक्स राइस मिल प्रा. लि. के परिसर से बड़ी मात्रा में डुप्लीकेट अन्नपूर्ति नाम की पैकिंग बैग बरामद की गई।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में थाना सिंदुरिया में मु0अ0सं0 236/2025 धारा 318(4), 319(2), 338, 336(4), 340, 347(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

