लक्ष्मीपुर एकडंगा में 14वें वित्त आयोग की गाइडलाइन का उल्लंघन — परफॉर्मेंस ग्रांट से अवैध भुगतान, सचिव पवन गुप्ता निलंबित

लक्ष्मीपुर एकडंगा में बड़ा खुलासा — परफॉर्मेंस ग्रांट में गड़बड़ी, सचिव निलंबित

महराजगंज। विकास खंड सिसवां की ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर एकडंगा में परफॉर्मेंस ग्रांट के अंतर्गत गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत द्वारा देबर टोला पर मिट्टी भराई के नाम पर 14वें वित्त आयोग की गाइडलाइन के विपरीत कुल ₹3,80,557 का भुगतान कर दिया गया, जबकि इस कार्य की स्वीकृति जनपद स्तरीय समिति से लेकर राज्य स्तरीय समिति तक से अनुमोदित नहीं थी।

मामले की जांच में पाया गया कि भुगतान वाउचर संख्या FFC/2025-26/P120 (मु०-173957) एवं FFC/2025-26/P119 (मु०-20660) के माध्यम से किया गया था। यह कार्य 14वें वित्त आयोग की गाइडलाइन के प्रतिकूल पाया गया, जिसके चलते इसे वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में रखा गया है।

इस पर कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव पवन कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें वित्तीय हस्तपुस्तिका के नियम 53 के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) अर्द्ध औसत वेतन पर देय होगा। साथ ही उन्हें यह प्रमाणित करना होगा कि निलंबन अवधि के दौरान वह किसी अन्य सेवा या व्यवसाय से नहीं जुड़े हैं।

प्रकरण की जांच के लिए अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, महराजगंज को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

वहीं, ब्लॉक स्तर पर भी इस कार्रवाई से हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि परफॉर्मेंस ग्रांट की राशि केवल उन्हीं कार्यों में खर्च की जा सकती है जिन्हें राज्य समिति की स्वीकृति प्राप्त हो, लेकिन लक्ष्मीपुर एकडंगा में बिना स्वीकृति ही राशि निकाल ली गई।

यूपी समाचार प्लस ने बीते कई दिनों से लक्ष्मीपुर एकडंगा पंचायत में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों को लगातार उजागर किया है। प्रशासन द्वारा अब इस दिशा में सख्त कदम उठाए जाने की उम्मीद है।

 


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com