विकास कार्यों में सुस्ती पर डीएम सख्त, ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 17 Oct, 2025
- 230
महराजगंज, 16 अक्टूबर (संवाददाता)। जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की सुस्ती पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने सड़क, भवन, विद्यालय और अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने यू0पी0पी0सी0एल0 की चार लम्बित परियोजनाओं पर नाराजगी जताते हुए कार्यदाई संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) द्वारा मुख्यालय में सड़क निर्माण व चौड़ीकरण में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बागापार से अराजी सुबाईन, रामपुर बुजुर्ग से कटहरा, चौक से सोनाडी देवी व रामग्राम, पकड़ी खुटहा-पनियरा, परतावल-पुरैना मार्गों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जहां सड़कें अधूरी पड़ी हैं, वहां से धूल उड़ने और गड्ढों से लोगों को भारी परेशानी हो रही है, ऐसे में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं की समयसीमा पूरी हो चुकी है, उनकी समिति द्वारा जांच कर हैंडओवर प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए। पूर्ण परियोजनाओं की हाई रिजॉल्यूशन तस्वीरें और विवरण जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
डीएम ने कहा कि पांच करोड़ से अधिक लागत वाली सभी परियोजनाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनका लिंक आईसीसीसी में उपलब्ध कराया जाए, ताकि कार्य की निगरानी रीयल टाइम में हो सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि “जो भी संस्था तय समय में कार्य नहीं करेगी, उसके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई होगी।”
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, वन विभाग, यूपीसीडको, सिंचाई, राज्य सेतु निगम, सीएनडीएस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

