पत्रकार पर जानलेवा हमला, खाद की तस्करी का वीडियो बना रहा था पत्रकार
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 03 Nov, 2025
- 210
महराजगंज। जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के बरोहिया चौराहे पर एक पत्रकार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कशौधन नामक पत्रकार खाद की अवैध तस्करी से जुड़ी खबर तैयार कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय खाद दुकानदार अनिल सिंह को यह बात नागवार गुजरी और उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर पत्रकार पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान न केवल गाली-गलौज की गई, बल्कि पत्रकार के कपड़े तक फाड़ दिए गए और चप्पलों , लात घुसो से जमकर पीट दिया। बताया जा रहा है कि इस हमले में महिलाएं, बुजुर्ग और नाबालिग तक शामिल थे।
घटना का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर पुलिस ने अनिल सिंह, परशुराम, राधिका समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी अनिल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है।


