ट्रैक्टर चोरी का गोरखधंधा चलाने वाला शातिर वांछित 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 07 Nov, 2025
- 169
महराजगंज। जनपद महराजगंज पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत भिटौली थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त हरिकेश चौहान पुत्र इन्द्रसेन चौहान निवासी बरसैना, थाना अहिरौली, जनपद कुशीनगर बताया जा रहा है। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर महराजगंज और गोरखपुर जनपद में ट्रैक्टर चोरी कर उन्हें बेचने के गोरखधंधे में लिप्त था। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए वाहनों को बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित किया करता था।
आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली महराजगंज, घुघली और पिपराईच गोरखपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं। अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली महराजगंज में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर भिटौली पुलिस टीम ने बरसैना में आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।

