गांव की दुर्दशा पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रधान के खिलाफ जमकर प्रदर्शन
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 09 Nov, 2025
- 276
कूड़े के ढेर, गंदा पानी और टूटी सड़कें बनीं परेशानी का सबब ग्रामीण बोले, प्रधान नहीं सुनते हमारी आवाज़
महराजगंज (मिठौरा)। खराब सफाई व्यवस्था, कीचड़ से भरी सड़कों और पीने के पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। ग्राम सभा पिपरा सोनाड़ी में दर्जनों ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान की निष्क्रियता और उदासीन रवैये के कारण गांव बदहाली के दौर से गुजर रहा है।
ग्रामीण मेढ़ई, प्रकाश, अंकित, आकाश, विशाल, आशीष, दीपक, राजन, विशाल गुप्ता, राजकुमार, राहुल, विजय सहित अन्य ने बताया कि गांव की अधिकतर सड़कें कच्ची हैं और जगह-जगह गंदा पानी जमा है, जिससे दुर्गंध व मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। कई हैंडपंप महीनों से खराब पड़े हैं, पर मरम्मत नहीं कराई गई। फॉगिंग व सफाई व्यवस्था ठप है, वहीं स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात में अंधेरा पसरा रहता है।
ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे। आरोप है कि प्रधान भेदभावपूर्ण रवैया अपनाते हैं और केवल चुनिंदा लोगों का काम करते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।

