ब्रह्मभोज से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, घर में मचा कोहराम

महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में ब्रह्मभोज में शामिल होकर लौट रहे 30 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मुजहना बुजुर्ग गांव निवासी दिलीप मिश्रा (30) पुत्र ध्रुवनारायण मिश्रा मंगलवार की शाम अपने मौसा स्व. श्रीकिशुन के ब्रह्मभोज में शामिल होने सिसवनिया गांव आया था। भोजन के बाद घर लौटते समय कसमरिया के आगे वाल्मीकि चौराहा स्थित देवरिया ब्रांच की मधुबनी शाखा नहर पुल के उत्तर दिशा में उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।

बुधवार तड़के सुबह टहलने निकले लोगों ने युवक को नहर में गिरा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सिंदुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह मयफोर्स युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने शव की पहचान दिलीप मिश्रा के रूप में की। सूचना पाकर पहुंचे परिजन पुलिस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया पीछे से किसी अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने की आशंका है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com