अटल जयंती पर छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मिला मंच, डीएम ने बढ़ाया मनोबल
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 25 Dec, 2025
- 60
महराजगंज। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित भाषण, निबंध एवं एकल काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रेरणास्पद वातावरण में सम्पन्न हुआ। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि और प्रख्यात लेखक भी थे। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अटल जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि संघर्ष ही व्यक्ति को निखारता है और निरंतर परिश्रम ही सफलता की राह प्रशस्त करता है।
निबंध प्रतियोगिता में विशाल जायसवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पांच हजार रुपये का डेमो चेक, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न हासिल किया। द्वितीय स्थान अमरनाथ यादव तथा तृतीय स्थान जागृति त्रिपाठी को प्राप्त हुआ। भाषण प्रतियोगिता में आदर्श पाण्डेय प्रथम, प्रांजल यादव द्वितीय और अवधेश तृतीय स्थान पर रहे। वहीं एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में घनश्याम पाण्डेय ने प्रथम, उदय गुप्ता ने द्वितीय और अनुराधा चौरसिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को नगद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, शिक्षकगण, अभिभावक, प्रतिभागी विद्यार्थी एवं एनसीसी कैडेट बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पूरे सभागार में अनुशासन, प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति की भावना का वातावरण बना रहा।

