बागापार–शंकरपुर मार्ग बना मुसीबत, अधूरी मरम्मत पर ग्रामीणों का विरोध
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 02 Jan, 2026
- 62
महराजगंज। सदर विकास खंड के ग्राम बागापार में बागापार चौराहे के संतशरण सिंह स्मारक स्टेट चौराहे से शंकरपुर करनहिया तक मंडी समिति द्वारा करीब 10 वर्ष पूर्व निर्मित पक्की सड़क की मरम्मत अधूरी छोड़े जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। अधूरे मरम्मत कार्य को पूरा कराने की मांग को लेकर बागापार गांव के लोगों ने मुख्य विकास अधिकारी को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर विरोध दर्ज कराया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया गया, लेकिन संतशरण सिंह स्मारक स्टेट चौराहे से करीब 150 मीटर सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इससे इस मार्ग पर आए दिन आवागमन करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद मंडी समिति के जेई ने शिकायतकर्ता को अवगत कराया कि शेष 150 मीटर सड़क की मरम्मत मंडी समिति द्वारा नहीं कराई जाएगी, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
ग्रामीणों उमेश चंद्र मिश्र, रामकुमार, नेबुलाल, राजकुमार, दिवाकर वर्मा, कृपाल चौधरी, प्रभुदयाल, जग्गन, रामआशीष, काशी प्रसाद, बिकाऊ सहित दर्जनों लोगों ने कहा कि उक्त सड़क की मरम्मत जनहित में अत्यंत आवश्यक है। अधूरी सड़क राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण कराने की मांग की है।

