जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज से मतदाता पंजीकरण अभियान का शुभारंभ, डीएम ने अभियान का किया उद्घाटन

महराजगंज। संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य प्रो. शिब्बन लाल सक्सेना की कर्मभूमि जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज से मंगलवार को मतदाता पंजीकरण अभियान–2026 का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अभियान का उद्घाटन करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है।

छात्र–छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान ऐसा अधिकार है, जो देश की नीति और दिशा तय करने वाली सरकार के चयन में निर्णायक भूमिका निभाता है। उन्होंने एसआईआर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता बनने की अपील की। बताया कि छह जनवरी से छह फरवरी 2026 तक ड्राफ्ट मतदाता सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य एक स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे और अपात्र का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने छात्र–छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार व आसपास के लोगों को बूथों पर प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के बारे में जागरूक करें, जिससे समय रहते त्रुटियों का सुधार हो सके।

अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि जनपद में एसआईआर प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। वयस्क मताधिकार संविधान की महत्वपूर्ण विशेषता है, जिसे प्रत्येक नागरिक को समझना और अपनाना चाहिए।

इससे पूर्व कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। संचालन नायब तहसीलदार देश दीपक तिवारी ने किया।

इस अवसर पर एसडीएम नंद प्रकाश मौर्य, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, तहसीलदार सदर पंकज शाही, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com