एसआईआर और जी राम जी अधिनियम को लेकर एनडीए एकजुट, भाजपा कार्यालय में गरजी सरकार की नीति

महाराजगंज। भाजपा कार्यालय पर रविवार को एसआईआर अभियान एवं जी राम जी अधिनियम को लेकर एनडीए की संयुक्त बैठक जिलाध्यक्ष संजय पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ रहे। बैठक में भाजपा व एनडीए के घटक दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा नए मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़े जाएं। उन्होंने घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची की जांच करने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूक कार्यकर्ता ही निष्पक्ष और सशक्त लोकतंत्र की नींव रखते हैं।

मंत्री ने अपने संबोधन में जी राम जी अधिनियम पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अधिनियम सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ी है, जिससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है और बिचौलियों की भूमिका लगभग समाप्त हो गई है।

पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि एसआईआर अभियान में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका निर्णायक होगी। मतदाता सूची का शुद्धिकरण और नए मतदाताओं का पंजीकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने जी राम जी अधिनियम को गरीब व वंचित वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि भाजपा की नीतियां सदैव जनहित पर केंद्रित रही हैं। जी राम जी अधिनियम से सरकारी योजनाओं के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है और लाभ समय पर मिल रहा है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि संगठनात्मक मजबूती के लिए एसआईआर अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र और सुशासन का प्रहरी है।

बैठक का समापन संगठनात्मक रणनीति एवं आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा के साथ हुआ।

इस अवसर पर सुभासपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, फरेंदा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, चौधरी शिवेंद्र सिंह, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य जनार्दन गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल, जिला महामंत्री प्रदीप सिंह, राजेश यादव, ओमप्रकाश पटेल, जिला मंत्री सरोज पांडेय, डीसीएफ चेयरमैन अशोक तिवारी, जिला उपाध्यक्ष मधुर सिंह, अरुणेश शुक्ला, जिला मंत्री बच्चूलाल चौरसिया, कोषाध्यक्ष ठाकुर रौनियार, जिला मंत्री गौतम तिवारी, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, विजय गौड़, शैलेश पांडेय, संजय श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, वीरेंद्र चौहान, संजय वर्मा, आकाश गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com