भाजपा जिलामंत्री गौतम तिवारी का वीडियो वायरल, कथित नकदी को बताया साजिश
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 18 Jan, 2026
- 307
महराजगंज। जनपद में उस समय राजनीतिक भूचाल आ गया, जब भाजपा जिलामंत्री गौतम तिवारी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक कमरे के भीतर 500-500 रुपये के नोटों के बंडल रखे दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें लेकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की नकदी होने का दावा किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो समाजवादी पार्टी के नेता एवं प्रदेश सचिव (मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड) राहुल यादव द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। वीडियो के सामने आते ही जिले भर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया और राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि UP Samachar Plus वायरल वीडियो का आधिकारिक पुष्टि नहीं करता।
करीब 20 सेकंड के इस वीडियो में बड़ी संख्या में नोटों के बंडल फर्श पर रखे नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो कब और कहां का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।
भाजपा जिलामंत्री ने आरोपों से किया इन्कार
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा जिलामंत्री गौतम तिवारी ने कथित नकदी को अपना मानने से साफ इन्कार किया है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में दिख रहे नोट असली नहीं, बल्कि कागज के टुकड़े हैं। उनका कहना है कि तंत्र-मंत्र करने वाले कुछ लोगों ने जमीन दिलाने के नाम पर उनसे करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी की और अब पैसे वापस न करने के लिए इस तरह का वीडियो बनाकर उन्हें फंसाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो का उनके किसी अवैध कारोबार या हवाला से कोई संबंध नहीं है।
भाजपा जिलामंत्री का कहना है कि उन्होंने इस मामले में कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है और पुलिस से जांच की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल वीडियो की सत्यता, समय और स्थान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रशासनिक स्तर पर किसी आधिकारिक जांच की पुष्टि भी नहीं की गई है। ऐसे में पूरे मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

