मनरेगा में फर्जी हाजिरी का खेल, 136 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 25 Jan, 2026
- 65
महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कुइयां कंचनपुर में मनरेगा योजना के तहत बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी मनरेगा योजना, जिसे अब जी-राम-जी योजना के रूप में लागू किया जा रहा है, में पारदर्शिता के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
रविवार को गांव में मनरेगा कार्यस्थल पर पहुंचे संवाददाता को मौके पर कोई कार्य होते नहीं मिला। वहां मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि आज कोई काम नहीं कराया गया था। रोजगार सेवक ने कार्यस्थल पर पहुंचे मजदूरों को यह कहकर वापस भेज दिया कि आज काम नहीं होगा। इसके बावजूद संबंधित मस्टररोल पर 136 मजदूरों की हाजिरी दर्ज कर दी गई, जिससे फर्जीवाड़े की आशंका गहरा गई है।
ग्रामीणों के अनुसार कार्य योजना में अमरजीत भारती के खेत से बसंतपुर पिच रोड तक के कार्य के लिए मस्टररोल संख्या 3152004/RC/958486255823709920 (एमएसआर नंबर 8096 से 8107) पर 114 मजदूरों की उपस्थिति दिखाई गई है। वहीं महातम गुप्ता के खेत से ड्रेन तक नाला खुदाई के कार्य में मस्टररोल संख्या 3152004004/IC/958486255823740558 (एमएसआर नंबर 8357 से 8359) पर 22 मजदूरों की हाजिरी दर्ज की गई है।
मामले को लेकर ग्राम प्रधान और रोजगार सेवक से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने फोन उठाना भी उचित नहीं समझा। इधर, एपीओ मिठौरा ने मामले की जानकारी मिलने पर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना में हो रहे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके।

