महराजगंज स्टेडियम में हंगामा, “QR कोड पर पैसा नहीं लूंगी” — खिलाड़ियों का क्रीड़ा अधिकारी पर गंभीर आरोप
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 26 Apr, 2026
- 96
महराजगंज। छत्रपति शाहू जी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार शाम उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब बैडमिंटन खिलाड़ियों ने जिला क्रीड़ा अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि स्टेडियम में स्थित बैडमिंटन कोर्ट को बंद कर दिया गया है, जिससे उन्हें अभ्यास करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खिलाड़ियों का यह भी आरोप है कि स्टेडियम के टेबल टेनिस कोर्ट को क्रीड़ा अधिकारी द्वारा आवास के रूप में उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा खिलाड़ियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे 500-500 रुपये की नकद वसूली की जाती है, लेकिन इसके बदले कोई रसीद नहीं दी जाती।
खिलाड़ियों ने इस पूरे मामले का एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें कथित रूप से पैसे कैश में मांगने और QR कोड से भुगतान लेने से इनकार करने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर कहा जा रहा है यह दो नंबर का पैसा है QR कोड पर नहीं लेंगी, जो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि यूपी समाचार प्लस नहीं करता है। अब तो यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पूरा मामला क्या है?
वहीं, इस मामले में जब जिला क्रीड़ा अधिकारी से फोन पर बात की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि बिना विधिवत रजिस्ट्रेशन के किसी को खेलने की अनुमति नहीं दी जा सकती और QR के जरिए भुगतान लेने का सवाल ही नहीं उठता।
खिलाड़ियों ने यह भी बताया कि 14 अप्रैल को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने कोर्ट खोलने का आश्वासन दिया था। हालांकि, क्रीड़ा अधिकारी ने इस दावे को भी खारिज कर दिया।

