महराजगंज पुलिस लाइन में 396 रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हुए सम्मानित

महराजगंज। रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज में रविवार को रिक्रूट पुरुष आरक्षियों की भव्य पासिंग आउट (दीक्षांत) परेड आयोजित की गई। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत कुल 396 रिक्रूट आरक्षियों ने परेड ग्राउंड में अनुशासन, तालमेल और उत्कृष्ट प्रस्तुति के साथ शपथ ग्रहण किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा रहे, जिनका पुलिस अधीक्षक द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली और विभिन्न टुकड़ियों के टर्न-आउट व समन्वय का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रिक्रूट्स के अनुशासन और प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम बताया।

परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। अंतः विषय में रजनीश पाण्डेय और बाह्य विषय में विपिन पाण्डेय प्रथम स्थान पर रहे। सर्वांग सर्वोत्तम का खिताब भी रजनीश पाण्डेय ने 1500 में से 1247 अंक प्राप्त कर हासिल किया। इसके अलावा शारीरिक प्रशिक्षण, शस्त्र संचालन, फील्ड क्राफ्ट, भीड़ नियंत्रण और यातायात सहित विभिन्न श्रेणियों में भी रिक्रूट्स को पुरस्कृत किया गया।

परेड कमांडर के रूप में विशाल सिंह प्रथम, विपिन पाण्डेय द्वितीय और संदेश प्रकाश तृतीय स्थान पर रहे। इस दौरान सभी रिक्रूट्स को देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।

पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल और अनुशासन को अब व्यवहारिक जीवन में उतारना जरूरी है। उन्होंने रिक्रूट्स को जनसेवा, संवेदनशील पुलिसिंग और पीड़ित केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने बताया कि रिक्रूट्स को साइबर अपराध और आधुनिक तकनीक से जुड़े प्रशिक्षण भी दिए गए हैं, जिससे वे बदलती चुनौतियों का प्रभावी सामना कर सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रशिक्षित आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com