नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, 327 किलो गांजा बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार

महराजगंज। जनपद के सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। बरगदवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ठूठीबारी-नौतनवा बॉर्डर रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी में एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि नेपाल के काठमांडू से एक ट्रक अवैध गांजा लेकर भारत में प्रवेश करने वाला है। इस पर तत्काल नाका लगाकर संदिग्ध ट्रक (HR38W 1261) को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से 21 पैकेटों में कुल 327.17 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर जब्त किया गया।

पुलिस ने ट्रक चालक रंजीत गिरी (37), निवासी गोपालपुर थाना क्षेत्र, जिला बेतिया (बिहार) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रक्सौल से दवा लेकर काठमांडू गया था और वहीं से गांजा लोड कर सोनौली बॉर्डर के रास्ते हाजीपुर ले जा रहा था।

इस संबंध में बरगदवा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/23 के तहत मुकदमा दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमाई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सख्त निगरानी और अभियान जारी रहेगा।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com