फर्जी निकली दिनदहाड़े लूट की सूचना, जांच में खुला मारपीट का मामला; एक गिरफ्तार अन्य की तलाश
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 01 May, 2026
- 205
महराजगंज। शहर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक लाख रुपये की लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन कुछ ही देर में मामला पूरी तरह पलट गया। जांच में कथित लूट की कहानी झूठी निकली और मामला आपसी रंजिश में हुई मारपीट का सामने आया।
पुलिस के अनुसार अमरुतिया निवासी विवेक मद्धेशिया ने सूचना दी थी कि बिशप एकेडमी स्कूल के सामने मऊपाकड़ में अज्ञात लोगों ने उनसे एक लाख रुपये लूट लिए। सूचना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस ने तत्काल साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
पूछताछ और जांच में पता चला कि 28 अप्रैल को सिसवा बाजार में एक शादी समारोह के दौरान विवेक के भाई नीरज मद्धेशिया और पूर्व प्रधान कमलेश श्रीवास्तव के पुत्र आर्यन श्रीवास्तव के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में शुक्रवार को रास्ते में दोनों पक्षों में हाथापाई हुई।
पुलिस का कहना है कि विवेक ने मारपीट की घटना को बढ़ा-चढ़ाकर लूट का रूप दे दिया और डायल 112 पर झूठी सूचना दे दी। मामले में थाना कोतवाली में कमलेश श्रीवास्तव, आर्यन श्रीवास्तव, प्रदीप अग्रहरी और इसराइल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इसराइल पुत्र उस्मान खां निवासी बांसपार बैजौली टोला बेलहिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग न करें। झूठी सूचना देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

