गलत इंजेक्शन से किशोरी की मौत, छठी पास झोलाछाप फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार

महराजगंज। गांव में इलाज के नाम पर झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने 16 वर्षीय किशोरी की जान ले ली। पैर में मामूली फोड़ा-फुंसी का उपचार कराने पहुंची किशोरी को कथित डॉक्टर ने इंजेक्शन लगा दिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।

मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटहरा खास टोला उसरहवा का है। परिजनों के अनुसार किशोरी के पैर में फोड़ा होने पर उसे गांव के ही कथित डॉक्टर धर्मेन्द्र के पास ले जाया गया था। आरोप है कि बिना किसी वैध चिकित्सकीय योग्यता के इलाज कर रहे धर्मेन्द्र ने किशोरी को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही किशोरी बेहोश होकर गिर पड़ी।

घबराए परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों की तहरीर पर थाना कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित धर्मेन्द्र पुत्र रामबेलास निवासी कटहरा टोला उसरहवा को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपित मात्र छठवीं पास है और गांव में डॉक्टर बनकर इलाज कर रहा था।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि इलाज केवल पंजीकृत और योग्य चिकित्सकों से ही कराएं, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com