डीएम के प्रयास से किसानों को मिली राहत, आनंदनगर रैक प्वाइंट पर पहुंची इफको यूरिया की पूरी रैक
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 03 May, 2026
- 74
महराजगंज। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है, जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों से शनिवार को आनंदनगर-फरेंदा रैक प्वाइंट पर इफको यूरिया की एक पूरी रैक पहुंच गई। इससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध होगी और ओवररेटिंग जैसी शिकायतों पर भी रोक लगेगी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि एक रैक में कुल 2650 मीट्रिक टन उर्वरक आया है, जिसका वितरण सहकारिता क्षेत्र के बिक्री केंद्रों के माध्यम से किसानों को किया जाएगा। लंबे समय से किसान और जनप्रतिनिधि आनंदनगर रैक प्वाइंट पर खाद की रैक मंगाने की मांग कर रहे थे।
बताया गया कि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने 21 मार्च को शासन को पत्र भेजकर जिले की जरूरतों से अवगत कराया था। इसके बाद शासन स्तर से स्वीकृति मिलने पर इफको यूरिया की रैक जिले को प्राप्त हुई। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर रैक पहुंचने से परिवहन खर्च घटेगा और खाद की उपलब्धता बेहतर होगी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि दो दिन के भीतर इफको डीएपी की भी एक रैक पहुंचने की संभावना है। साथ ही एनएफएल और कोरोमंडल कंपनियों की रैक भी जल्द आनंदनगर रैक प्वाइंट पर आने लगेंगी।
उन्होंने बताया कि जिले में इस समय उर्वरक की कोई कमी नहीं है। अब तक 21842 मीट्रिक टन यूरिया और 9824 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध हो चुकी है। किसानों से जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदने और अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की गई है।

