छठवें वित्त आयोग की संगोष्ठी में महराजगंज के अनिल जोशी का चयन

महराजगंज। छठवें राज्य वित्त आयोग द्वारा पंचायतों के सशक्तीकरण, सुशासन और वित्तीय अधिकारों से जुड़े विषयों पर आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण संगोष्ठी में महराजगंज जनपद के प्रतिनिधि के रूप में प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत परसौनी (मिठौरा ब्लॉक) के प्रधान/प्रशासक अनिल कुमार जोशी का चयन किया गया है।

जानकारी के अनुसार, छठवें वित्त आयोग की ओर से 17 जून 2026 को लखनऊ के गोमती नगर स्थित स्कायर इन होटल में एक विशेष बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें पंचायती राज संस्थाओं की समस्याओं, पंचायतों के अधिकारों, नए कर लगाने संबंधी सुझावों, नवाचार एवं सुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चुनिंदा पंचायत प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

इस संगोष्ठी में महराजगंज जनपद से अनिल कुमार जोशी की सहभागिता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके चयन से न केवल ग्राम पंचायत परसौनी बल्कि पूरे महराजगंज जनपद और मिठौरा विकास खंड का सम्मान बढ़ा है।

पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े लोगों ने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए उम्मीद जताई है कि अनिल जोशी पंचायतों की जमीनी समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को प्रभावी ढंग से आयोग के समक्ष रखेंगे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com