सेमरा राजा में नौवीं की छात्रा की मौत, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक हिरासत में
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 14 Jun, 2026
- 111
भिटौली (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के सेमरा राजा गांव के करमहिया टोला में रविवार को नौवीं की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताने वाले परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच तेज की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले को आत्महत्या से जोड़ते हुए एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
गांव निवासी 15 वर्षीय आंचल चौधरी का शव रविवार सुबह घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला था। घटना के समय किशोरी के माता-पिता और छोटा भाई धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। घर में अकेली मौजूद किशोरी का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे।
परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया था। मामले की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय, एसएसआई प्रवीण सिंह तथा चौकी प्रभारी यदुवीर यादव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि किशोरी की मौत आत्महत्या के कारण हुई है। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर मृतका को आत्महत्या के लिए प्रेरित और उकसाने के आरोप में गांव निवासी मंजेश उर्फ राजमणि पुत्र सुजीत के खिलाफ भिटौली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
"पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला सामने आया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।"— सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक, महराजगंज।


