यूपी समाचार प्लस की खबर का दमदार असर: सिसवा के 4 करोड़ के अमृत सरोवर की जांच के लिए डीएम ने गठित की तीन सदस्यीय समिति
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 20 Jul, 2026
- 126
कथित भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण और वित्तीय अनियमितताओं की होगी जांच, एक सप्ताह में मांगी गई रिपोर्ट
महराजगंज। सिसवा नगर पालिका परिषद के मीराबाई नगर वार्ड संख्या-25 में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवर परियोजना में कथित भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण और वित्तीय अनियमितताओं के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को यूपी समाचार प्लस द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है।
जिलाधिकारी कार्यालय से 20 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार, शिकायतकर्ता बृजेंद्र सिंह आशीष द्वारा 18 जुलाई को दिए शिकायत के आधार पर जांच कराई जाएगी। गठित समिति में उप जिलाधिकारी निचलौल, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता तथा उपायुक्त श्रम रोजगार, महराजगंज को शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिया है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश की प्रतिलिपि भी भेज दी गई है।
गौरतलब है कि यूपी समाचार प्लस ने अमृत सरोवर परियोजना में कथित अनियमितताओं, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सरकारी धन के दुरुपयोग से जुड़े आरोपों को प्रमुखता से प्रसारित किया था। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं।
अब जिले की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों अथवा ठेकेदारों के खिलाफ प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।


