नेपाल-भारत मैत्री क्रिकेट: भारतीय मीडिया टीम का दबदबा, महाराजगंज प्रेस क्लब ने 9 रन से जीता खिताब

महराजगंज। नेपाल के भैरहवा में आयोजित द्वितीय नेपाल-भारत मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय मीडिया टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में महाराजगंज प्रेस क्लब (भारत) ने लुम्बिनी प्रेस क्लब (नेपाल) को 9 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए महाराजगंज प्रेस क्लब के अनुज शुक्ला को 'मैन ऑफ द सीरीज' चुना गया।

लुम्बिनी प्रेस क्लब के आयोजन एवं रुपन्देही क्रिकेट संघ के सह-आयोजन में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 145 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में लुम्बिनी प्रेस क्लब की टीम निर्धारित ओवरों में 136 रन ही बना सकी। नेपाल की ओर से सचिन चौधरी ने नाबाद संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

प्रतियोगिता में नेपाल के सचिन चौधरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, प्रकाश न्यौपाने को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा दीपेन्द्र बडुवाल को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता महाराजगंज प्रेस क्लब को ट्रॉफी, नगद पुरस्कार, प्रमाणपत्र एवं मेडल से सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता लुम्बिनी प्रेस क्लब को भी नगद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किए गए।

पुरस्कार वितरण समारोह में लुम्बिनी प्रदेश के युवा एवं खेल मंत्री संतोष कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल भारत और नेपाल के बीच मित्रता तथा आपसी विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उद्घाटन अवसर पर सिद्धार्थनगर नगरपालिकाध्यक्ष इश्तियाक अहमद खान ने कहा कि ऐसे आयोजन दोनों देशों के लोगों के बीच आत्मीयता और सहयोग को नई मजबूती प्रदान करते हैं। उद्योगपति राजेश कुमार अग्रवाल ने भी प्रतियोगिता की सराहना करते हुए इसे भारत-नेपाल संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने वाला आयोजन बताया।

महाराजगंज प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण दोनों देशों के पत्रकारों के बीच खेल भावना और भाईचारे का संदेश रहा। वहीं लुम्बिनी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल रायमझी ने कहा कि मीडिया कप का उद्देश्य पत्रकारों के बीच संवाद, मित्रता और सहयोग को निरंतर मजबूत करना है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com