फरेन्दा पुलिस ने बलैनो कार से भारी मात्रा में तस्करी का सामान पकड़ा, एक गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 12 Aug, 2026
- 252
महराजगंज। जिले में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेन्दा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बलैनो कार से भारी मात्रा में कथित तस्करी का सामान बरामद किया। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर कस्टम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान कस्बा फरेन्दा में संदिग्ध बलैनो कार (UP56AY1907) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से सात बोरी अखरोट, 12 बोरी फेयर एंड लवली पाउच, दो गत्ता मैगी तथा 275 फेयर एंड लवली ट्यूब बरामद हुईं।
इस मामले में पुलिस ने बस्ती जनपद के हरैया थाना क्षेत्र के नदाई हरहिया गांव निवासी सुनील मिश्रा (34) को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध कस्टम अधिनियम की धारा 111 के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सौरभ पटेल, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, आरक्षी गौरव वर्मा तथा आरक्षी अजय यादव शामिल रहे।

