महिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल ! सीएमओ ने मांगी जांच रिपोर्ट
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 22 Nov, 2026
- 112
महराजगंज। जिला महिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की कार्यप्रणाली और महिला मरीजों के उपचार में कथित लापरवाही को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति, बायोमेट्रिक हाजिरी के बिना वेतन भुगतान, मरीजों को बाहर रेफर करने और सरकारी दवाओं के बजाय बाहर की दवाएं लिखने जैसे आरोप लगाए गए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है।
शिकायतकर्ता अनिल कुमार गुप्ता ने सीएमओ को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि महिला चिकित्सालय में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को डॉक्टरों की अनुपस्थिति में कथित रूप से डराकर निजी अस्पतालों में भेज दिया जाता है। शिकायतकर्ता ने सितंबर से अक्टूबर 2026 तक डॉक्टरों की बायोमेट्रिक उपस्थिति और वेतन भुगतान का मिलान कर जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि अस्पताल में करीब 10 डॉक्टर तैनात हैं, लेकिन ओपीडी में कुछ ही डॉक्टर सेवाएं देते हैं। दोपहर दो बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक डॉक्टरों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि कुछ डॉक्टरों को रोस्टर में सप्ताह में केवल एक दिन ड्यूटी दी जाती है, जबकि उन्हें पूरे महीने का वेतन भुगतान किया जाता है। वहीं, कुछ डॉक्टरों की ड्यूटी रोस्टर में दर्ज नहीं होने की बात भी कही गई है।
शिकायतकर्ता ने एंबुलेंस के माध्यम से रोजाना आने वाली प्रसव संबंधी इमरजेंसी मरीजों की संख्या और अस्पताल में होने वाले ऑपरेशन के आंकड़ों में अंतर का मुद्दा भी उठाया है। आरोप है कि बड़ी संख्या में महिलाओं को बिना उचित कारण बताए रेफर अथवा वापस कर दिया जाता है। इसके अलावा एक चिकित्सक पर मरीजों को सरकारी दवाओं के बजाय बाहर की दवाएं लिखने का आरोप लगाते हुए पर्ची भी साक्ष्य के रूप में संलग्न की गई है।
तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है। इसमें अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमडब्ल्यू खान, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज लाल कन्नौजिया तथा जिला संयुक्त चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश रमन को शामिल किया गया है।
सीएमओ ने जांच टीम को निर्देश दिया है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की तत्काल जांच कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
अब देखना यह होगा कि जांच में महिला चिकित्सालय की कार्यप्रणाली को लेकर लगाए गए आरोपों की कितनी सच्चाई सामने आती है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है ?


