महराजगंज में इलाज के नाम पर लाखों की लूट का आरोप, ऑपरेशन के बाद भी नहीं थमा दर्द
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 12 May, 2026
- 94
महराजगंज। जिले के निचलौल तहसील क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने निजी अस्पताल और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि पैर के ऑपरेशन में ढाई से तीन लाख रुपये खर्च कराने के बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ, बल्कि दर्द और सूजन ने जिंदगी मुश्किल बना दी।
भेड़िया गांव निवासी सुधाकर गौड़ ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 15 जून 2025 को चिउरहा स्थित निजी अस्पताल में डॉक्टर से पैर का ऑपरेशन कराया गया था। ऑपरेशन के समय बेहतर इलाज और जल्द राहत का भरोसा दिया गया, लेकिन करीब 10 महीनों बाद भी दर्द, सूजन और चलने-फिरने में दिक्कत खत्म नहीं हुई।
पीड़ित का आरोप है कि कई बार अस्पताल पहुंचकर शिकायत करने के बावजूद डॉक्टर ने हर बार “सब ठीक हो जाएगा” कहकर मामला टाल दिया। सही इलाज न मिलने से उसे शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
अब पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कर संबंधित डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ऑपरेशन में खर्च हुई रकम वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है ताकि किसी अच्छे अस्पताल में इलाज कराया जा सके।

