51-51 दीपों से जगमगाया श्रीराम जानकी मंदिर परिसर, भारत माता की आरती के साथ दिया लोकतंत्र बचाने का संदेश
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 07 Nov, 2026
- 25
महराजगंज। भारतीय लोकतंत्र की गरिमा, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को लेकर शनिवार को श्रीराम जानकी मंदिर प्रांगण में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 51-51 दीप प्रज्वलित कर मंदिर परिसर को रोशनी से जगमगा दिया गया। वहीं, भारत माता की भव्य आरती कर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला प्रचारक विनय जी भाई साहब ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सामूहिक रूप से भारत माता की आरती की गई। पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी और भारत माता के जयघोष से राष्ट्रभक्ति के माहौल में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा सदस्य प्रांतीय परिषद उत्तर प्रदेश धर्मनाथ खरवार ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि संविधान, स्वतंत्रता, अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों का आधार है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए समाज में जागरूकता, आपसी भाईचारे और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दीपोत्सव का उद्देश्य केवल दीप जलाकर उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, सद्भाव और सकारात्मक विचारों का प्रकाश फैलाना है। जिस प्रकार एक छोटा सा दीप अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार जागरूक नागरिक और संगठित समाज देश को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने 'अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को सर्वोपरि रखने पर जोर दिया।
धर्मनाथ खरवार ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति और लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर देवेंद्र दुबे, किशन जायसवाल, दीपक पटेल, जितेंद्र पटेल, कविशंकर पाण्डेय, मिथिलेश अग्रहरि, बबलू सिंह, विपिन मौर्या, शिवम शर्मा, प्रदीप गौड़, विशाल त्रिपाठी, आर्यन सिंह, मयंक मणि त्रिपाठी और सूरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं राष्ट्रप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ।


