खेत में मिला लापता युवक का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप!

परसामलिक (महराजगंज)। थाना परसामलिक क्षेत्र के सिरसिया मशरकी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में करीब 18 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव पड़ा मिला। युवक सोमवार से लापता था। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास निवासी शिवनंदन गुप्ता (18-19 वर्ष) पुत्र रामाचल गुप्ता सोमवार से लापता था। मंगलवार सुबह गांव के खेत में उसका शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव की हालत देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

सूचना मिलते ही परसामलिक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com