नौतनवा में संदिग्ध दवा दुकानों पर प्रशासन का शिकंजा, सात मेडिकल स्टोर की जांच, चार के नमूने सील

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा तहसील क्षेत्र में नकली व संदिग्ध नशीली दवाओं की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर उपजिलाधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र में संचालित दवा दुकानों की सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान लारी मेडिकल स्टोर, नेशनल मेडिकल स्टोर, जयसवाल मेडिकल स्टोर्स, शुभम मेडिकल स्टोर, पाठक मेडिकल स्टोर, अनामिका मेडिकल स्टोर एवं कृष्णा मेडिकल स्टोर समेत कुल सात प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने दुकानों पर उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता, स्टॉक रजिस्टर, क्रय-विक्रय अभिलेख एवं लाइसेंस की गहन जांच की।

जांच के दौरान चार दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया गया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि सील किए गए नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता व वैधता की पुष्टि की जाएगी। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उपजिलाधिकारी नौतनवा ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा जनपद में प्रतिबंधित व अवैध दवाओं की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में दवाओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और सघन अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध दवा या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सके।

छापेमारी अभियान में क्षेत्राधिकारी नौतनवा अनिरुद्ध कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com