डीआईजी ने सोनौली बॉर्डर पर परखी सुरक्षा व्यवस्था, इंडो नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी के निर्देश
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 09 Apr, 2026
- 49
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा ने गुरुवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ सोनौली बॉर्डर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
डीआईजी ने सीमा पर तैनात पुलिस, एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर पर अवैध तस्करी, मानव तस्करी और नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्त नजर रखने, गश्त बढ़ाने और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया।
इस दौरान सोनौली बॉर्डर पर निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। डीआईजी ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे में सीमा पर तैनात सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने चेकपोस्टों की व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच तालमेल को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नौतनवां सहित अन्य अधिकारी और सुरक्षा बलों के जवान मौजूद रहे।

