संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने चार शिकायतों का मौके पर किया निस्तारण, सरकारी जमीन पर कब्जे पर लेखपाल को लगाई फटकार
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 01 Aug, 2026
- 113
महराजगंज। तहसील सदर सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान डीआईजी गोरखपुर रेंज एस. चन्नप्पा भी पहुंचे और कुछ समय तक जनसुनवाई कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का निस्तारण जिलाधिकारी ने मौके पर ही करा दिया। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेषकर भूमि विवाद से जुड़े मामलों का निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण किया जाए। साथ ही आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर देते हुए संतुष्टि प्रतिशत कम से कम 75 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने तहसीलदार सदर को धारा-24 एवं धारा-116 के मामलों में न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा।
जनसुनवाई के दौरान परतावल ब्लॉक के छपिया ग्राम पंचायत में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल अनिल कुमार मिश्रा को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तहसीलदार सदर को तत्काल भूमि की पैमाइश कराने तथा बीडीओ परतावल को उक्त भूमि पर मनरेगा पार्क अथवा खेल मैदान विकसित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी संपत्तियों पर कब्जे के मामलों में शासन की शून्य सहिष्णुता की नीति का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
वहीं, पनियरा ब्लॉक के लगड़ी गांव में हाल ही में हुई महिला की हत्या के मामले में जिलाधिकारी ने मृतका के बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को बच्चों का विद्यालय में तत्काल नामांकन सुनिश्चित कराने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
संपूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक 10 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि पुलिस विभाग के सात और शेष शिकायतें ग्राम्य विकास सहित अन्य विभागों से जुड़ी थीं।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे राजेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम सदर अवनीश त्रिपाठी, तहसीलदार सदर पंकज शाही, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


