नौतनवा में तस्करी पर शिकंजा, 15 लाख का यूरिया, कपड़ा व फ्लेवर्ड हुक्का बरामद
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 01 Aug, 2026
- 41
महराजगंज। नौतनवा पुलिस ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में अवैध रूप से डंप कर रखा गया भारतीय यूरिया खाद, कपड़ा और फ्लेवर्ड हुक्का बरामद किया है। बरामद सामान की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर नौतनवा पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद बरामद सामान को कब्जे में लेकर कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक-एक किलोग्राम के 324 पैकेट, 500 ग्राम के 12 पैकेट तथा 250 ग्राम के 528 पैकेट फ्लेवर्ड हुक्का बरामद किया। इसके अलावा भारतीय यूरिया खाद की नौ बोरी तथा कपड़े के दो बड़े और तीन छोटे गठ्ठर भी जब्त किए गए।
कार्रवाई में नौतनवा पुलिस के साथ राजस्व विभाग और एसएसबी की टीम भी शामिल रही। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत दुबे, महिला उपनिरीक्षक अनामिका चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव तथा एसएसबी की ओर से उपनिरीक्षक दीपक कर्माकर और उनकी टीम ने कार्रवाई में सहयोग किया।


