झाड़-फूंक के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, नेपाल ले जाने की कोशिश, मुकदमे में गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी के बाद आरोपी भेजा गया जेल
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 01 Aug, 2026
- 164
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक और दुआ-ताबीज के नाम पर नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म तथा उसे नेपाल ले जाकर बेचने की साजिश का आरोप सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पहले अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। बाद में पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री को चौक थाना क्षेत्र के खोस्टा गांव के रहने वाले मनौव्वर अली ने झाड़-फूंक, दुआ-ताबीज और जाफ करने के बहाने अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया तथा विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने, जान से मारने और नेपाल में बेच देने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी के परिजन भी उसे धमकाते रहे।
परिजनों के अनुसार 28 जुलाई को आरोपी किशोरी को फिर बहला-फुसलाकर अपने साथ चारपहिया वाहन से नेपाल सीमा की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान ठूठीबारी सीमा पर एसएसबी जवानों को संदेह होने पर वाहन की जांच की गई। पूछताछ में मामला संदिग्ध मिलने पर किशोरी के परिजनों को सूचना दी गई और दोनों को चौक पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चौक में मुकदमा अपराध संख्या 126/2026 के तहत पहले धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा न्यायालय में नियमानुसार बयान दर्ज कराया गया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 65(1) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद आरोपी मनौव्वर अली को गिरफ्तार कर 31 जुलाई को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।


