चोरी की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 14 Nov, 2026
- 97
5,820 रुपये नकद और वीवो स्मार्टफोन बरामद, न्यायालय भेजे गए दोनों आरोपी
महराजगंज। सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के बसंतपुर खुर्द गांव में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी से संबंधित 5,820 रुपये नकद और एक वीवो कंपनी का स्मार्टफोन बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिन्दुरिया पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 224/2026, धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित रामअशीष साहनी पुत्र रामानन्द और दिनेश पुत्र विन्ध्याचल, निवासी विश्वनाथपुर पड़वनिया को 13 नवंबर की रात करीब 11:04 बजे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कुईया कंचनपुर से आगे बसंतपुर पुलिया के पहले नहर किनारे स्थित बगीचे के पास से पकड़ा। पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि आरोपियों ने छह नवंबर की रात करीब 12 बजे से तीन बजे के बीच बसंतपुर खुर्द गांव में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
तलाशी के दौरान रामअशीष साहनी के पास से 2,800 रुपये नकद और नेवी ब्लू रंग का एक वीवो स्मार्टफोन, जबकि दिनेश के कब्जे से 3,020 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, रामअशीष साहनी के विरुद्ध सिन्दुरिया थाने में पूर्व से एक आपराधिक मुकदमा भी दर्ज है, जबकि दिनेश का आपराधिक इतिहास निरंक बताया गया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामानुज सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल अभिमन्यु खरवार, राहुल राजभर, रवि सिंह और गुलशन शामिल रहे।


