महराजगंज के डीएम बदले, संतोष कुमार शर्मा फिरोजाबाद भेजे गए; गौरव सिंह सोगरवाल को मिली जिम्मेदारी
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 04 May, 2026
- 314
महराजगंज। उत्तर प्रदेश सरकार ने बीती रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। इसी क्रम में महराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का स्थानांतरण कर उन्हें फिरोजाबाद का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं महराजगंज की कमान अब गौरव सिंह सोगरवाल को सौंपी गई है।
गौरव सिंह सोगरवाल इससे पहले गोरखपुर में नगर आयुक्त, नगर निगम के पद पर कार्यरत थे। वह वर्ष 2021 से 2023 तक महराजगंज में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक परिस्थितियों से वह पहले से परिचित हैं।
जनपद में पूर्व में कार्य कर चुके होने के कारण माना जा रहा है कि नए जिलाधिकारी को यहां की चुनौतियों और विकास योजनाओं को गति देने में आसानी होगी। शासन ने उन्हें ऐसे समय जिम्मेदारी सौंपी है, जब जिले में विकास कार्यों के साथ कानून-व्यवस्था और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बताया जाता है कि गौरव सिंह सोगरवाल वर्ष 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनकी पहली तैनाती सहायक मजिस्ट्रेट के रूप में बलरामपुर में हुई थी। जिले में उनकी वापसी को लेकर प्रशासनिक हलकों और आमजन में चर्चा तेज है।

