सीएम योगी ने सिसवा विधायक की पत्नी को दी श्रद्धांजलि, परिवार को बंधाया ढांढस
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 04 May, 2026
- 198
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनपद महराजगंज पहुंचे और सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की दिवंगत पत्नी स्व. विंद्रावती देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत पिपरा बाबू स्थित विधायक के पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने विधायक प्रेम सागर पटेल से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और समाज पूरी तरह परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना भी की।
गौरतलब है कि स्व. विंद्रावती देवी का निधन 23 अप्रैल को वृंदावन में हृदयाघात के कारण हो गया था। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार स्थानीय त्रिमुहानी घाट पर विधि-विधान से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व क्षेत्रीय लोग शामिल हुए थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान विधायक के परिजनों में पुत्र धर्मवीर पटेल, कर्मवीर पटेल, धीरज पटेल समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में माहौल गमगीन रहा। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

