डीएम की विदाई समारोह में भावुक हुए अधिकारी, डीएम संतोष कुमार शर्मा के कार्यकाल की सराहना
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 05 May, 2026
- 222
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने उनके कार्यकाल, कार्यशैली और व्यक्तित्व की मुक्तकंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, नवाचार और संवेदनशीलता का समावेश हुआ।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिलाधिकारी की ऊर्जा और सहयोगात्मक रवैया हमेशा प्रेरणादायी रहा। उन्होंने बताया कि अपने पहले जनपद में कार्यभार संभालते समय उन्हें डीएम का भरपूर मार्गदर्शन मिला, जो हर परिस्थिति में उपयोगी साबित हुआ।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी का व्यक्तित्व बेहद सकारात्मक और सहज रहा। उन्होंने तकनीक के उपयोग से शासकीय कार्यों को प्रभावी बनाया और जनसुनवाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार किया।
अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार ने कहा कि एक आदर्श प्रशासनिक अधिकारी में आवश्यक संवेदनशीलता, ऊर्जा और मानवीय दृष्टिकोण—तीनों गुण डीएम में विद्यमान हैं।
आपको बता दें कि बीते दिन यूपी के कई IAS अधिकारियों का तबादला यूपी की योगी सरकार ने किया था उसी क्रम में महराजगंज के डीएम संतोष कुमार शर्मा का भी स्थानांतरण फिरोजाबाद किया गया था उनकी जगह पूर्व में सीडीओ रहे गौरव सिंह सोगरवाल को डीएम बनाया गया है ।
समारोह का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस दौरान जिले के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे और जिलाधिकारी को उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

